महाभारत उद्योग पर्व अध्याय 43 श्लोक 56-63

त्रिचत्‍वारिंश (43) अध्‍याय: उद्योग पर्व (सनत्सुजात पर्व)

Prev.png

महाभारत: उद्योग पर्व: त्रिचत्‍वारिंश अध्याय: श्लोक 55-63 का हिन्दी अनुवाद
  • मैं तो उसी को ब्राह्मण समझता हूँ, जो परमात्मा के तत्त्व को जानने वाला और वेदों की यथार्थ व्याख्‍या करने वाला हो, जिसके अपने संदेह मिट गये हों और जो दूसरों के भी सम्पूर्ण संशयों को मिटा सके।(56)
  • इस आत्मा की खोज करने के लिये पूर्व,पश्चिम, उत्तर या दक्षिण की ओर जाने की आवश्‍यकता नहीं हैं; फिर आग्नेय आदि कोणों की तो बात ही क्या है? इसी प्रकार दिग्विभाग से रहित प्रदेश में भी उसे नहीं ढूँढ़ना चाहिये।(57)
  • आत्मा का अनुसंधान अनात्मपदार्थों में तो किसी तरह करे ही नहीं, वेद के वाक्यों में भी न ढ़ूढ़कर केवल तप के द्वारा उस प्रभु का साक्षात्कार करे।(58)
  • वागादि इन्द्रियों की सब प्रकार की चेष्‍टा से रहित होकर परमात्मा की उपासना करे, मन से भी कोई चेष्‍टा न करे। राजन! तुम भी अपने हृदयाकाश में स्थित उस विख्‍यात परमेश्र्वर की बुद्धिपूर्वक उपासना करो।(59)
  • मौन रहने अथवा जंगल में निवास करने मात्र से कोई मुनि नहीं होता। जो अपने आत्मा के स्वरूप को जानता है, वही श्रेष्‍ठ मुनि कहलाता है।(60)
  • सम्पूर्ण अर्थों को व्याकृत[1] करने के कारण ज्ञानी पुरुष ‘वैयाकरण’ कहलाता है। यह समस्त अर्थों का प्र‍कटीकरण मूलभूत ब्रह्म से ही होता है, अत: वही मुख्‍य वैयाकरण है; विद्वान पुरुष भी इसी प्रकार अर्थों को व्याकृत[2] करता है, इसलिये वह भी वैयाकरण है।(61)
  • जो योगी सम्पूर्ण लोकों को प्रत्यक्ष देख लेता है, वह मनुष्‍य उन सब लोकों का द्रष्‍टा कहलाता है; परंतु जो एकमात्र सत्यस्वरूप ब्रह्म में ही‍ स्थित है, वही ब्रह्मवेत्ता ब्राह्मण सर्वज्ञ होता है।(62)
  • राजन! पूर्वोक्त धर्म आदि में स्थित होने से तथा वेदों का क्रम से[3] अध्‍ययन करने से भी मनुष्‍य इसी प्रकार परमात्मा का साक्षात्कार करता है। यह बात अपनी बुद्धि द्वारा निश्‍चय करके मैं तुम्हें बता रहा हूँ।(63)
इस प्रकार श्रीमहाभारत उद्योगपर्व के अन्तर्गत सनत्सुजातपर्व में सनत्सुजातवाक्यविषयक तैंतालीसवां अध्‍याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. प्रकट
  2. व्यक्त
  3. विधिवत

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः