महाभारत आदि पर्व अध्याय 41 श्लोक 23-33

एकचत्‍वारिंश (41) अध्‍याय: आदि पर्व (आस्तीक पर्व)

Prev.png

महाभारत: आदि पर्व: एकचत्‍वारिंश अध्‍याय: श्लोक 23-33 का हिन्दी अनुवाद

पुत्र! हम राजा के बिना सुखपूर्वक धर्म का अनुष्ठान नहीं कर सकते। तात! धर्म पर दृष्टि रखने वाले राजाओं के द्वारा सुरक्षित होकर हम अधिक-से-अधिक धर्म का आचरण कर पाते हैं। अतः हमारे पुण्यकर्मों में धर्मतः उनका भी भाग है। इसलिये वर्तमान राजा परीक्षित के अपराध को तो क्षमा ही कर देना चाहिये। परीक्षित तो विशेष रूप से अपने पितामह युधिष्ठिर आदि की भाँति हमारी रक्षा करते हैं। शक्तिशाली पुत्र! प्रत्येक राजा को इस प्रकार प्रजा की रक्षा करनी चाहिये। वे आज भूखे और थके-मांदे यहाँ आये थे। तपस्वी नरेश मेरे इस मौनव्रत को नहीं जानते थे; मैं समझता हूँ, इसीलिये उन्होंने मेरे साथ ऐसा बर्ताव कर दिया। जिस देश में राजा न हो वहाँ अनेक प्रकार के दोष (चोर आदि के भय) पैदा होते हैं। धर्म की मर्यादा त्यागकर उच्छृंखल बने हुए लोगों को राजा अपने दण्ड के द्वारा शिक्षा देता है। दण्ड से भय होता है, फिर भय से तत्काल शान्ति स्थापित होती है। जो चोर आदि के भय से उद्विग्न है, वह धर्म का अनुष्ठान नहीं कर सकता है।

वह उद्विग्न पुरुष यज्ञ, श्राद्ध आदि शास्त्रीय कर्म का आचरण भी नहीं कर सकता। राजा से धर्म की स्थापना होती है और धर्म से स्वर्गलोक की प्रतिष्ठा (प्राप्ति) होती है। राजा से सम्पूर्ण यज्ञ कर्म प्रतिष्ठित होते हैं और यज्ञ से देवताओं की प्रतिष्ठा होती है। देवता के प्रसन्न होने से वर्षा होती है, वर्षा से अन्न पैदा होता है और अन्न से निरन्तर मनुष्यों के हित का पोषण करते हुए राज्य का पालन करने वाला राजा मनुष्यों के लिये विधाता (भरण-पोषण करने वाला) है। राजा दस श्रोत्रिय के समान है, ऐसा मनु जी ने कहा है। वे तपस्वी राजा यहाँ भूखे-प्यासे ओर थके-मांदे आये थे। उन्हें मेरे इस मौनव्रत का पता नहीं था, इसलिये मेरे न बोलने से रुष्ट होकर उन्होंने ऐसा किया है। तुमने मूर्खतावश बिना विचारे क्यों यह दुष्कर्म कर डाला? बेटा! राजा हम लोगों से शाप पाने योग्य नहीं हैं।

इस प्रकार श्रीमहाभारत आदि पर्व के अंतर्गत आस्तीक पर्व में परीक्षित-शापविषयक तीसवाँ अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः