महाभारत अनुशासन पर्व अध्याय 8 श्लोक 18-29

अष्‍टम (8) अध्याय: अनुशासन पर्व (दानधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: अनुशासन पर्व: अष्‍टम अध्याय: श्लोक 18-29 का हिन्दी अनुवाद


लोग मुझे ब्राह्मण भक्‍त कहते हैं। उनके इस कथन से मुझे बड़ा संतोष होता है। ब्राह्मणों की सेवा ही सम्‍पूर्ण पवित्र कर्मों से बढ़कर परम पवित्र कार्य है। तात! ब्राह्मण की सेवा में रहने वाले पुरुष को जिन पवित्र और निर्मल लोकों की प्राप्ति होती है, उन्‍हें मैं यहीं से देखता हूँ। अब शीघ्र मुझे चिरकाल के लिये उन्‍हीं लोकों में जाना है।

युधिष्ठिर! जैसे स्त्रियों के लिये पति की सेवा ही संसार में सबसे बड़ा धर्म है, पति ही उनका देवता और वही उनकी परम गति है, उनके लिये दूसरी कोई गति नहीं है, उसी प्रकार क्षत्रिय के लिये ब्राह्मण की सेवा ही परम धर्म है। ब्राह्मण ही उनका देवता और परम गति है, दूसरा नहीं। क्षत्रिय सौ वर्ष का हो और श्रेष्‍ठ ब्राह्मण दस वर्ष की अवस्‍था का हो तो भी उन दोनों को परस्‍पर पुत्र और पिता के समान जानना चाहिए। उनमें ब्राह्मण पिता है और क्षत्रिय पुत्र। जैसे नारी पति के अभाव में देवर को पति बनाती है, उसी प्रकार पृथ्‍वी ब्राह्मण के न मिलने पर ही क्षत्रिय को अपना अधिपति बनाती है। पुरोहित सहित राजाओं को ब्राह्मण की आज्ञा से राज्‍य ग्रहण करना चाहिए। ब्राह्मण की रक्षा से ही राजा को स्‍वर्ग मिलता है और उसको रुष्‍ट कर देने से वह अनन्‍तकाल के लिये नरक में गिर जाता है। कुरुश्रेष्‍ठ! ब्राह्मणों की पुत्र के समान रक्षा, गुरु की भाँति उपासना और अग्नि की भाँति उनकी सेवा-पूजा करनी चाहिए। सरल, साधु, स्‍वभावत: सत्‍यवादी तथा समस्‍त प्राणियों के हित में तत्‍पर रहने वाले ब्राह्मणों की सदा ही सेवा करनी चाहिए और क्रोध में भरे हुए विषधर सर्प के समान समझकर उनसे भयभीत रहना चाहिए। ब्राह्मणों की जो स्त्रियाँ हों, उनकी भी सुरक्षा का ध्‍यान रखते हुए माता के समान उनका दूर से ही पूजन करना चाहिए।

युधिष्ठिर! ब्राह्मणों के तेज ओर तप से सदा डरना चाहिए तथा उनके सामने अपने तप एवं तेज का अभिमान त्‍याग देना चाहिए। महाराज! ब्राह्मण के तप और क्षत्रिय के तेज का फल शीघ्र ही प्रकट होता है तथापि जो तपस्‍वी ब्राह्मण हैं, वे कुपित होने पर तेजस्‍वी श्रत्रिय को अपने तप के प्रभाव से मार सकते हैं। क्रोधरहित-क्षमाशील ब्राह्मण को पाकर क्षत्रिय की ओर से अधिक मात्रा में प्रयुक्‍त किये गये तप और तेज आग पर रूर्इ के ढेर के समान तत्‍काल नष्‍ट हो जाते हैं। यदि दोनों ओर से एक-दूसरे पर तेज और तप का प्रयोग हो तो उनका सर्वथा नाश नहीं होता, परंतु क्षमाशील ब्राह्मण के द्वारा खण्डित होने से बचा हुआ क्षत्रिय का तेज किसी तेजस्‍वी ब्राह्मण पर प्रयुक्‍त हो तो वह उससे प्रतिहत होकर सर्वथा नष्‍ट हो जाता है, थोड़ा-सा भी शेष नहीं रह जाता। जैसे चरवाहा हाथ में डंडा लेकर सदा गौओं की रखवाली करता है, उसी प्रकार क्षत्रिय को उचित है कि वह ब्राह्मणों और वेदों की सदा रक्षा करे। राजा को चाहिए कि वह धर्मात्‍मा ब्राह्मणों की उसी तरह रक्षा करे, जैसे पिता पुत्रों की करता है। वह सदा इस बात की देख-भाल करता रहे कि उनके घर में जीवन-निर्वाह के लिये क्‍या है और क्‍या नहीं है।


इस प्रकार श्रीमहाभारत अनुशासन पर्व के अन्‍तर्गत दानधर्म पर्व में श्रेष्‍ठ ब्राह्मणों की प्रशंसा विषयक आठवाँ अध्‍याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः