महाभारत अनुशासन पर्व अध्याय 145 भाग-17

पंचचत्वारिंशदधिकशततम (145) अध्‍याय: अनुशासन पर्व (दानधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: अनुशासन पर्व: पंचचत्वारिंशदधिकशततम अध्याय: भाग-17 का हिन्दी अनुवाद


अन्धत्व और पंगुत्व आदि नाना प्रकार के दोषों और रोगों के कारणभूत दुष्कर्मों का वर्णन

उमा ने कहा- भगवन! मेरी प्रीति बढ़ाने वाले देवदेवेश्वर! इस संसार में कुछ लोग जन्म से ही अन्धे दिखायी देते हैं और कुछ लोगों के जन्म लेने के पश्चात उनकी आँखें नष्ट हो जाती हैं। किस कर्म विपाक से ऐसा होता है? यह मुझे बताने की कृपा करें।

श्रीमहेश्वर ने कहा- प्रिये! जो पूर्वजन्म में काम या स्वेच्छाचारवश पराये घरों में अपनी लोलुपता का परिचय देते हैं और परायी स्त्रियों पर अपनी दूषित दृष्टि डालते हैं तथा जो मनुष्य क्रोध और लोभ के वशीभूत होकर दूसरों को अन्धा बना देते हैं, अथवा रूपविषयक लक्षणों को जानकर उसका मिथ्या प्रदर्शन करते हैं। ऐसे आचार वाले मनुष्य मृत्यु को प्राप्त होने पर यमदण्ड से दण्डित हो चिरकाल तक नरकों में पड़े रहते हैं। उसके बाद यदि वे मनुष्य योनि में जन्म लेते हैं, तब स्वभावतः अन्धे होते हैं अथवा जन्म लेने के बाद अन्धे हो जाते हैं या सदा ही नेत्ररोग से पीड़ित रहते हैं। इस विषय में विचार करने की आवश्यकता नहीं है।

उमा ने पूछा- प्रभो! कुछ मनुष्य सदा मुख के रोग से व्यथित रहते हैं, दाँत, कण्ठ और कपोलों के रोग से अत्यन्त कष्ट भोगते हैं, कुछ तो जन्म से ही रोगी होते हैं और कुछ जन्म लेने के बाद कारणवश उन रोगों के शिकार हो जाते हैं। किस कर्म विपाक से ऐसा होता है? यह मुझे बताइये।

श्री महेश्वर ने कहा- देवि! एकाग्रचित्त होकर सुनो, मैं प्रसन्नतापूर्वक तुम्हें सब कुछ बताता हूँ।

जो कुवाक्य बोलने वाले मनुष्य अपनी जिह्वा से गुरुजनों या दूसरों के प्रति अत्यन्त, कड़वे, झूठे, रूखे तथा घोर वचन बोलते हैं, जो क्रोध के कारण दूसरों की जीभ काट लेते हैं अथवा जो कार्यवश प्रायः अधिकाधिक झूठ ही बोलते हैं, उनके जिह्वा प्रदेश में ही रोग होते हैं। जो परदोष और निन्दायुक्त कुवचन सुनते हैं तथा जो दूसरों के कानों को हानि पहुँचाते हैं, वे दूसरे जन्म में कर्ण-सम्बन्धी नाना प्रकार के रोगों का कष्ट भोगते हैं। ऐसे ही लोगों को दन्तरोग, शिरोरोग, कर्णरोग तथा अन्य सभी मुख सम्बन्धी दोष अपनी करनी के फलरूप से प्राप्त होते हैं।

उमा ने पूछा- देव! मनुष्यों में कुछ लोग सदा कुक्षि और पक्ष सम्बन्धी दोषों तथा उदर सम्बन्धी रोगों से पीड़ित रहते हैं। कुछ लोगों के उदर में तीखे शूल से उठते हैं, जिनसे वे बहुत पीड़ित होते और दुःख में डूब जाते हैं। किस कर्म विपाक से ऐसा होता है? यह मुझे बताइये।

श्रीमहेश्वर ने कहा- देवि! पहले जो मनुष्य काम और क्रोध के अत्यन्त वशीभूत हो दूसरों की परवाह न करके केवल अपने ही लिये आहार जुटाते और खाते हैं, अभक्ष्य भोजन का दान करते हैं, विश्वस्त मनुष्यों को जहर दे देते हैं, न खाने योग्य वस्तुएँ खिला देते हैं, शौच और मंगलाचार से रहित होते हैं, शोभने! ऐसे आचरण वाले लोग पुनर्जन्म लेने पर किसी तरह मानव शरीर को पाकर उन्हीं रोगों से पीड़ित होते हैं। देवि! नाना प्रकार के रूप वाले उन रोगों से पीड़ित हो वे दुःख में निमग्न हो जाते हैं। पूर्वजन्म में जैसा किया था वैसा भोगते हैं।

उमा ने पूछा- देव! बहुत-से मनुष्य प्रमेहसम्बन्धी रोगों से पीड़ित देखे जाते हैं, कितने ही पथरी और शर्करा (पेशाब से चीनी आना) आदि रोगों के शिकार हो जाते हैं। किस कर्म विपाक से ऐसा होता है? यह मुझे बताने की कृपा करें।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः