भगवान वासुदेव -सुदर्शन सिंह 'चक्र'
कारागार से त्राण
‘आप राजसदन पधारें।’ वसुदेव जी ने कंस से कहा। देवकी जी ने भी आग्रह किया। कंस स्वयं भी राजसदन शीघ्र जाना चाहता था। वसुदेव-देवकी अपने सदन पहुँचे, उससे पूर्व वहाँ उनके लिए आवश्यक सामग्री जानी चाहिये। उस गृह की सामग्री–वहाँ की सम्पत्ति तो पहले ही उठवा चुका था कंस। गृह पर उसके सेवक रहते हैं, उन्हें तत्काल वह सदन छोड़ने की आज्ञा भी देनी थी। ‘सचमुच मुझे शीघ्रता है’ कंस ने अनुमति स्वीकार की– ‘आपके लिए दूसरा रथ अभी आ रहा है।’ वसुदेव-देवकी उसी दिन, दिन में ही अपने भवन पहुँच गये। कंस ने उनका गोधन तो नहीं लौटाया, किन्तु उनके भवन की प्राय: सब सामग्री, सब कोष उसने लौटा दिया। वह स्वयं उनके भवन आया और अपना सौहार्द्र प्रदर्शित करने का पूरा प्रयत्न किया उसने। वसुदेव जी के भाइयों के गृह भी कंस के आदेश से उसके सेवकों ने उसी दिन छोड़ दिये। कंस ने आदेश दे दिया– ‘जो लोग लौटें, उनकी सामग्री, कोष जो सुरक्षा के लिए राजसदन में रख लिया गया है, उन्हें अविलम्ब लौटा दिया जाय।’ कंस के इस परिवर्तित व्यवहार का प्रभाव पड़ा। रोहिणी जी को छोड़कर वसुदेव जी की अन्य पत्नियाँ जो मथुरा से जहाँ-तहाँ चली गयी थीं, वनों गिरि-गुफाओं और आश्रमों में छिपकर रहने लगी थीं, मथुरा आने लगीं। प्राय: सब आ गयीं थोड़े ही दिनों में। वसुदेव जी के लगभग सभी भाई भी सपरिवार लौट आये और इन सबके सेवक-सेविकायें भी अपने स्वामियों के गृहों में लौट आये। यदुकुल के वे लोग नहीं लौटे जिन्होंने कंस के साथ संघर्ष में सक्रिय भाग लिया था। कंस का स्वभाव उन्हें पता था। वह शत्रुता-द्वेष को बाँध रखने वाला–न भूलने वाला व्यक्ति था। उस पर विश्वास नहीं किया जा सकता था। ब्राह्मणों, धार्मिकजनों, सत्पुरुषों में से भी कम ही मथुरा लौटे। कंस भले वसुदेव जी के प्रति नम्र हो गया हो, उसकी प्रकृति तो नहीं गयी कहीं। उसके असुर अनुचर भी मथुरा में ही थे और वही कंस के प्रमुख पार्षद थे। अत: मथुरा सत्पुरुषों के लिए निरापद नहीं हुई थी। यदुकुल के वृद्धों में थोड़े ही मथुरा छोड़कर गये थे। वे किसी स्वजन सम्बन्धी से मिलने के बहाने ही गये। उन्हें मथुरा लौटने में कोई कठिनाई नहीं हुई। मथुरा में कंस के अनुचरों ने उनका स्वागत नहीं किया तो उनको उत्पीड़ित भी उन्होंने नहीं किया। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
क्रम संख्या | पाठ का नाम | पृष्ठ संख्या |
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज