भगवद्गीता -राधाकृष्णन पृ. 78

भगवद्गीता -डॉ. सर्वेपल्लि राधाकृष्णन

Prev.png
अध्याय -1
अर्जुन की दुविधा और विषाद

मनुष्य और परमात्मा को मध्यस्थ के रूप में किसी तीसरे पक्ष की आवश्यकता उससे अधिक नहीं है, जितने कि हम स्वयं हैं और उसे पाने के लिए हमारे पास केवल प्रेमोद्दीप्त हृदय, एक विशुद्ध संकल्प होना ही काफी है। अर्जुन अपने परमात्मा के सम्मुख अनावृत और किसी भी मध्यस्थ के बिना अकेला खड़ा होता है। परमात्मा और मनुष्य के मध्य एक अविरत सम्बन्ध रहता है और उनका संवाद तब तक चलता रहता है, जब तक कि उद्देश्य की पूर्ण समस्वरता स्थापित नहीं हो जाती।
यह दैवीय मूल तत्त्व हमसे दूर नहीं है, अपतिु बिलकुल निकट है। परमात्मा कोई दूरस्थ दर्शक या समस्या को दूरस्थ निर्णायक नहीं, अपितु एक मित्र, सखा है, जो सदा, विहारशय्यासनभोजनेषु, हमारे साथ रहता है (11,42) ऋग्वेद में दो पक्षियों का उल्लेख किया गया है, जिनके पंख सुन्दर हैं, जो स्वभावतः मित्र हैं और जो एक ही वृक्ष पर साथ-साथ रहते हैं।[1]विषादः उदासी। अध्याय का अन्त निराशा और दुःख में होता है और इसे भी ’योग’ कहा गया है, क्यों कि आत्मा का यह अन्धकार भी आध्यात्मिक जीवन की ओर प्रगति के लिए एक आवश्यक सोपान है। हममें से अधिकांश लोग परम प्रश्नों का सामना किए बिना ही सारा जीवन बिता देते है।
कभी विरले संकट के क्षण में ही, जब हमारी महत्त्वाकांक्षाएं ढेर हुई हमारे पैरों के पास पड़ी होती हैं, जब हमें पश्चात्ताप तथा व्यथा के साथ अनुभव होता है कि हमने अपने जीवन की क्या दुर्दशा कर डाली है, हम चिल्ला उठते हैः ’’हम यहाँ किस लिए हैं?’’ ’’इस सबका क्या अर्थ है? और हमें यहाँ से कहाँ जाना है?’’ ’’मेरे परमात्मा, मेरे परमात्मा, तूने मूझे क्यों त्याग दिया है?’’ द्रौपदी चिल्ला उठती है: ’’न पति मेरे हैं, न पुत्र, न सम्बन्धी, न भाई, न पिता मेरे हैं और हे कृष्ण, तुम भी मेरे नहीं हो।’’[2]
अर्जुन एक महान् आत्मिक तनाव में से गुजर रहा है। जब वह अपने-आप को सामाजिक दायित्वों से पृथक् कर लेता है और पूछता है कि उसे समाज द्वारा उससे प्रत्याशित कर्त्तव्यों को क्यों पूरा करना चाहिए, तो वह अपने सामाजिकीकृत आत्म को पीछे कर देता है और अपने-आप को व्यष्टि, एकाकी और सबसे पृथक् रूप में पूरी तरह अनुभव करता है। वह संसार के सम्मुख भयावनी अवस्था में पटक दिए गए एक अजनबी व्यक्ति के समान खड़ा होता है। यह नई स्वतन्त्रता, चिन्ता, एकाकीपन, सन्देह और असुरक्षा की गम्भीर अनुभूति उत्पन्न कर देती है। यदि उसे सफलतापूर्वक काम करना हो, तो उसे इन अनुभूतियों पर विजय पानी ही होगी।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. साथ ही तुलना कीजिएः ’’हे सर्वज्ञ परमात्मा, तू सदा हमारे निकट विद्यमान है; अन्दर या बाहर जो भी कोई पाप हो, उसे तू देख लेता है।’’ सर्वज्ञ त्वं सदा नित्यं सन्निधौ बर्तसे च नः। अन्तर्बहिश्च यत्किच्चित्पापं तत्पश्यसि स्वयम्॥
  2. नैव मे पतयः सन्ति, न पुत्रा न च बान्धवाः। न भ्रातरो, न च पिता, नैव त्वं मधुसूदन ॥

संबंधित लेख

भगवद्गीता -राधाकृष्णन
अध्याय अध्याय का नाम पृष्ठ संख्या
परिचय 1
1. अर्जुन की दुविधा और विषाद 63
2. सांख्य-सिद्धान्त और योग का अभ्यास 79
3. कर्मयोग या कार्य की पद्धति 107
4. ज्ञानमार्ग 124
5. सच्चा संन्यास 143
6. सच्चा योग 152
7. ईश्वर और जगत 168
8. विश्व के विकास का क्रम 176
9. भगवान अपनी सृष्टि से बड़ा है 181
10. परमात्मा सबका मूल है; उसे जान लेना सब-कुछ जान लेना है 192
11. भगवान का दिव्य रूपान्तर 200
12. व्यक्तिक भगवान की पूजा परब्रह्म की उपासना की अपेक्षा 211
13. शरीर क्षेत्र है, आत्मा क्षेत्रज्ञ है; और इन दोनों में अन्तर 215
14. सब वस्तुओं और प्राणियों का रहस्यमय जनक 222
15. जीवन का वृक्ष 227
16. दैवीय और आसुरीय मन का स्वभाव 231
17. धार्मिक तत्त्व पर लागू किए गए तीनों गुण 235
18. निष्कर्ष 239
19. अंतिम पृष्ठ 254

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः