ब्रह्म वैवर्त पुराण
ब्रह्मखण्ड : अध्याय 3
महादेव जी बोले– जो जय के मूर्तिमान रूप, जय देने वाले, जय देने में समर्थ, जय की प्राप्ति के कारण तथा विजयदाताओं में सर्वश्रेष्ठ हैं, उन अपराजित देवता भगवान श्रीकृष्ण की मैं वन्दना करता हूँ। सम्पूर्ण विश्व जिनका रूप है, जो विश्व के ईश्वरों के भी ईश्वर हैं, विश्वेश्वर, विश्वकारण, विश्वाधार, विश्व के विश्वासभाजन तथा विश्व के कारणों के भी कारण हैं, उन भगवान श्रीकृष्ण की मैं वन्दना करता हूँ। जो जगत की रक्षा के कारण, जगत के संहारक तथा जगत की सृष्टि करने वाले परमेश्वर हैं; फल के बीज, फल के आधार, फलरूप और फलदाता हैं; उन भगवान श्रीकृष्ण को मैं प्रणाम करता हूँ। जो तेजःस्वरूप, तेज के दाता और सम्पूर्ण तेजस्वियों में श्रेष्ठ हैं, उन भगवान गोविन्द की मैं वन्दना करता हूँ।[1] ऐसा कहकर महादेव जी ने भगवान श्रीकृष्ण को मस्तक झुकाया और उनकी आज्ञा से श्रेष्ठ रत्नमय सिंहासन पर नारायण के साथ वार्तालाप करते हुए बैठ गये। जो मनुष्य भगवान शिव द्वारा किये गये इस स्तोत्र का संयतचित्त होकर पाठ करता है, उसे सम्पूर्ण सिद्धियाँ मिल जाती हैं और पग-पग पर विजय प्राप्त होती है। उसके मित्र, धन और ऐश्वर्य की सदा वृद्धि होती है तथा शत्रु समूह, दुःख और पाप नष्ट हो जाते हैं। सौति कहते हैं – तत्पश्चात् श्रीकृष्ण के नाभि-कमल से बड़े-बूढ़े महातपस्वी ब्रह्मा जी प्रकट हुए। उन्होंने अपने हाथ में कमण्डलु ले रखा था। उनके वस्त्र, दाँत और केश सभी सफेद थे। चार मुख थे। वे ब्रह्मा जी योगियों के ईश्वर, शिल्पियों के स्वामी तथा सबके जन्मदाता गुरु हैं। तपस्या के फल देने वाले और सम्पूर्ण सम्पत्तियों के जन्मदाता हैं। वे ही स्रष्टा और विधाता हैं तथा समस्त कर्मों के कर्ता, धर्ता एवं संहर्ता हैं। चारों वेदों को वे ही धारण करते हैं। वे वेदों के ज्ञाता, वेदों को प्रकट करने वाले और उनके पति (पालक) हैं। उनका शील-स्वभाव सुन्दर है। वे सरस्वती के कान्त, शान्तचित्त और कृपा की निधि हैं। उन्होंने श्रीकृष्ण के सामने खड़े हो दोनों हाथ जोड़कर उनका स्तवन किया। उस समय उनके सम्पूर्ण अंगों में रोमांच हो आया था तथा उनकी ग्रीवा भगवान के सामने भक्तिभाव से झुकी हुई थी। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
- ↑ जयस्वरूपं जयदं जयेशं जयकारणम्। प्रवरं जयदानां च वन्दे तमपराजितम्।।
विश्वं विश्वेश्वरेशं च विश्वेशं विश्वकारणम्। विश्वाधारं च विश्वस्तं विश्वकारणकारणम्।।
विश्वरक्षाकारणं च विश्वघ्नं विश्वजं परम्। फलबीजं फलाधारं फलं च तत्फलप्रदम्।।
तेजःस्वरूपं तेजोदं सर्वतेजस्विनां वरम्।-(ब्रह्मखण्ड 3। 24-25-1/2)
संबंधित लेख
अध्याय | विषय | पृष्ठ संख्या |