गीता-प्रबंध -श्री अरविन्द21.प्रकृति का नियतिवाद
फलतः अहंकार और काम के मोह तथा कष्टजाल में पड़े हुए ये अज्ञान का और भी जोरदार और हठी समर्थन करने लगेंगे और अपनी मुक्ति का अवसर खो देगें। वास्तव में ये उच्चतर सत्य चेतना और सत्ता के उच्चतर और विशालतर स्तर पर ही सहायक हो सकते हैं, क्योंकि ये वहीं अनुभवगम्य और जीवनसाध्य हो सकते हैं। ऊपर के इन सत्यों को नीचे से देखना इन्हें गलत देखना, गलत समझाना और शायद इनका दुरुपयोग करना है। मानव-जीवन, पशुभाव और दिव्य भाव के बीच की संक्रमण अवस्था है और यह एक उच्चतर सत्य है कि शुभ और अशुभ का भेद अहंभावापन्न मानव-जीवन के लिये एक व्यावहारिक तथ्य और प्रामाणिक धर्म है, पर इससे ऊपर की भूमिका में हम शुभ-अशुभ के ऊपर उठ जाते हैं और इन द्वन्द्वों की पहुँच के परे हो जाते हैं जैसे ईश्वर सदा इसके ऊपर रहता है। परंतु यह सत्य निम्न चेतना में व्यावहारिक रूप से मान्य नहीं है, उस भूमिका से ऊपर उठे बिना ही जो अपरिपक्व मन इस सत्य को पकड़ने जायेगा वह इस सत्य को अपनी आसुरी प्रवृत्तियों को प्रश्रय देने के लिये, शुभ और अशुभ के भेद को सर्वथा अस्वीकार करने के लिये और भोगविलास के द्वारा विनाश के गहरे दलदल में जा गिरने के लिये सुविधाजनक एक बहाना बना लेगा-सर्वज्ञानविमूढ़ांस्तांविद्धि नष्टानचेतस:।[1] यह बात प्रकृति के नियतिवाद के सत्य पर लागू होती है। लोग इसे भी गलत देखेंगे और इसका दुरुपयोग करेंगे जैसे वे लोग करते हैं जो कहते हैं कि मनुष्य वैसा ही है जैसा उसकी प्रकृति ने उसे बना रखा है, प्रकृति उसे जो कुछ करने के लिये विवश करती है उसके सिवाय वह और कुछ कर ही नहीं सकता। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
- ↑ 3.32
संबंधित लेख
क्रम संख्या | पाठ का नाम | पृष्ठ संख्या |
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज