गीता कर्म जिज्ञासा 25

मनु और व्यास कहते हैं–

अन्ये कृतयुगे धर्मास्त्रेतायां द्वापरेऽपरे।
अन्ये कलियुगे नृणां युगहासानुरूपतः॥

'युगमान के अनुसार कृत, त्रेता, द्वापर और कलि के धर्म भी भिन्न–भिन्न होते हैं।' मनुस्मृति[1] महाभारत[2] में यह कथा है कि प्राचीन काल में स्त्रियों के लिए विवाह की मर्यादा नहीं थी, वे इस विषय में स्वतंत्र और अनावृत्त थीं। परन्तु जब इस आचरण का बुरा परिणाम देख पड़ा, तब श्वेतकेतु ने विवाह की मर्यादा स्थापित कर दी और मदिरापान का निषेध भी पहले पहल शुक्राचार्य ही ने किया। तात्पर्य यह है कि जिस समय ये नियम जारी नहीं थे, उस समय के धर्म–अधर्म का और उसके बाद के धर्म–अधर्म का निर्णय भिन्न–भिन्न रीति से किया जाना चाहिए। इसी तरह यदि वर्तमान समय का प्रचलित धर्म आगे बदल जाए तो उसके साथ भविष्य काल के धर्म–अधर्म का विवेचन भी भिन्न रीति से किया जाएगा। कालमान के अनुसार देशाचार, कुलाचार और जातिधर्म का भी विचार करना पड़ता है, क्योंकि आचार ही सब धर्मों की जड़ है। तथापि आचारों में भी बहुत भिन्नता हुआ करती है। पितामह भीष्म कहते हैं किः–

न हि सर्वहितः कश्चिदाचारः संप्रवर्तते।
तेनैवान्यः प्रभवति सोऽपरं बाधते पुनः॥

'ऐसा आचार नहीं मिलता जो हमेशा सब लोगों को समान हितकारक हो। यदि किसी एक आचार को स्वीकार किया जाए तो दूसरा उससे बढ़कर मिलता है। यदि इस दूसरे आचार को स्वीकार किया जाए तो वह तीसरे आचार का विरोध करता है मनुस्मृति'[3] जब आचारों में ऐसी भिन्नता पाई जाए तब भीष्म पितामह के कथन के अनुसार तारतम्य अथवा सार–असार दृष्टि से विचार करना चाहिए।



टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. मनुस्मृति, 1.85; महाभारत, शांतिपर्व. 2.59.8
  2. महाभारत, आदिपर्व. 122; और 79
  3. महाभारत, शांतिपर्व, 259.17, 18

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः