गीता कर्म जिज्ञासा 15

इसीलिए मनु ने कहा है कि आत्मानं सततं रक्षेत् दारैरपि धनैरपि- अर्थात; स्त्री और सम्पत्ति की अपेक्षा हमको पहले स्वयं अपनी ही रक्षा करनी चाहिए।[1] यद्यपि मनुष्य–देह दुर्लभ और नाशवान भी है, तथापि जब उसका नाश करके उससे भी अधिक किसी शाश्वत वस्तु की प्राप्ति कर लेनी होती है (जैसे देश, धर्म और सत्य के लिए अपनी प्रतिज्ञा, व्रत और विरद की रक्षा के लिए एवं इज्ज़त, कीर्ति और सर्वभूत–हित के लिए) तब, ऐसे समय पर अनेक महात्माओं ने इस तीव्र कर्त्तव्याग्नि में आनन्द से अपने प्राणों की भी आहुति दे दी है। जब राजा दिलीप अपने गुरु वसिष्ठ की गाय की रक्षा करने के लिए, सिंह को अपने शरीर का बलिदान देने को तैयार हो गया, तब वह सिंह से बोला कि 'हमारे समान पुरुषों की इस पाञ्चभौतिक शरीर के विषय में अनावस्था रहती है, अतएव तू मेरे इस जड़ शरीर के बदले मेरे यशरूपी शरीर की ओर ध्यान दे'।[2] कथासरित–सागर और नागानन्द नाटक में यह वर्णन है कि सर्पों की रक्षा करने के लिए जीमूतवाहन ने गरुड़ को स्वयं अपना शरीर अर्पण कर दिया। मृच्छकटिक नाटक में चारूदत्त कहता हैः–

न भीतो मरणादस्मि केवलं दूषितं यशः।
विशुद्धस्य हि मे मृत्युः पुत्रजन्मसमः किलं॥[3]

'मैं मृत्यु से नहीं डरता; मुझे यही दुःख है कि मेरी कीर्ति कलंकित हो गई। यदि कीर्ति शुद्ध रहे और मृत्यु भी आ जाए, तो मैं उसको पुत्र के उत्सव के समान मानूंगा।' इसी तत्त्व के आधार पर महाभारत में राजा शिबि और दधीचि ऋषि की कथाओं का वर्णन किया है।[4] जब धर्मराज श्येन पक्षी का रूप धारण करके, कपोत के पीछे उड़े और जब वह कपोत अपनी रक्षा के लिए राजा शिबि की शरण में गया तब राजा ने स्वयं अपने शरीर का मांस काटकर उस श्येन पक्षी को दे दिया और शरणागत कपोत की रक्षा की। वृत्तासुर नाम का देवताओं का एक शत्रु था। उसको मारने के लिए दधीचि ऋषि की हड्डियों के वज्र की आवश्यकता हुई। तब सब देवता मिलकर उक्त ऋषि के पास गए और बोले शरीरत्यागं लोकहितार्थ भवान् कर्तुमर्हति– हे महाराज! लोगों के कल्याण के लिए आप देह का त्याग कीजिए। यह विनती सुन दधीचि ऋषि ने बड़े आनन्द से अपना शरीर त्याग दिया और अपनी हड्डियाँ देवताओं को दे दीं।



टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. मनुस्मृति. 7.213
  2. रघुवंश, 2.57
  3. मृच्छकटिक, 10.27
  4. महाभारत, 1.100 तथा 131; शांति पर्व, 342

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः