गर्ग संहिता
माधुर्य खण्ड : अध्याय 7
श्रीनारदजी कहते हैं- राजन ! उस दूत की यह बात सुनकर भगवान श्रीहरि बड़े प्रसन्न हुए और क्षणभर में दूत के साथ ही चम्पकापुरी में जा पहुँचे। उस समय राजा विमल का महान यज्ञ चालू था। उसमें वेदमंत्रों की ध्वनि गूँज रही थी। दूत सहित भगवान श्रीकृष्ण सहसा आकाश से उस यज्ञ में उतरे। वक्ष:स्थल में श्रीवत्स के चिन्ह से सुशोभित, मेघ के समान श्याम कान्तिधारी, सुन्दर वनमालालंकृत पीतपटावृत कमलनयन श्रीहरि को यज्ञभूमि में आया देख राजा विमल साहस उठकर खडे़ हो गये और प्रेम से विह्वल हो, दोनो हाथ जोड़कर उनके चरणों के समीप गिर पड़े। उस समय उनके अंग-अंग में रोमांच हो आया था। फिर उठकर राजा ने और सुवर्ण से जटित दिव्य सिंहासन पर भगवान को बिठाया, उनका स्तवन किया तथा विधिवत् पूजन करके वे उनके सामने खड़े हो गये। खिडकियों से झाँककर देखती हुई सुन्दरी राजकुमारियों की ओर दृष्टिपात करके माधव श्रीकृष्ण ने मेघ के समान गंभीर वाणी में राजा विमल से कहा। श्रीगवान बोले- महामते ! तुम्हारे मन में जो वांछनीय हो, वह वर मुझसे माँगो। महामुनि याज्ञवल्क्य के वचन से ही इस समय तुम्हें मेरा दर्शन हुआ है। विमल ने कहा- देवदेव ! मेरा मन आपके चरणाविन्द में भ्रमर होकर निवास करे, यही मेरी इच्छा है। इसके सिवा दूसरी कोई अभिलाषा कभी मेरे मन में नहीं होती। श्रीनारदजी कहते हैं- यों कहकर राजा विमल ने अपना सारा कोश और महान वैभव, हाथी, घोडे़ एवं रथों के साथ श्रीकृष्णार्पण कर दिया। अपने-आपको भी उनके चरणों की भेंट कर दिया। नरेश्वर ! अपनी समस्त कन्याओं को विधिपूर्वक श्रीहरि के हाथों में समर्पित करके भक्ति-विह्वल राजा विमल ने श्रीकृष्ण को नमस्कार किया। उस समय जन-मण्डल में जय-जयकार का शब्द गूँज उठा और आकाश में खडे हुए देवताओं ने वहाँ दिव्य पुष्पों की वर्षा की। फिर उसी समय राजा विमल को भगवान श्रीकृष्ण का सारूप्य प्राप्त हो गया। उनकी अंगकान्ति कामदेव के समान प्रकाशित हो उठी। शत सूर्यों के समान तेज धारण किये वे दिशा मण्डल को उद्भासित करने लगे। उस यज्ञ में उपस्थित सम्पूर्ण मनुष्यों के देखते-देखते पत्नियों सहित राजा विमल गरूड़ पर आरूढ़ हो भगवान श्रीगरूड़ध्वज को नमस्कार करके वैकुण्ठलोक में चले गये। इस प्रकार राजा को मोक्ष प्रदान करके स्वयं भगवान श्रीकृष्ण उनकी सुन्दरी कुमारियों को साथ ले, व्रजमण्डल में आ गये। वहाँ रमणीय कामवन में जो दिव्य मन्दिरों से सुशोभित था, वे सुन्दरी कृष्णाप्रियाएँ आकर रहने लगीं और भगवान के साथ कन्दुक-क्रीड़ा से मन बहलाने लगीं। जितनी संख्या में वे श्रीकृष्णाप्रिया सखियाँ थीं, उतने ही रूप धारण करके सुन्दर व्रजराज श्रीकृष्ण रासमण्डल में उनका मनोरंजन करते हुए विराजमान हुए। उस रासमण्डल में उन विमल कुमारियों के नेत्रों से जो आनन्द जनित जलबिन्दु च्युत होकर गिरे, उन सबसे वहाँ 'विमलकुण्ड' नामक तीर्थ प्रकट हो गया, जो सब तीर्थों में उत्तम है। नृपेश्वर ! विमल कुण्ड का दर्शन करके, उसका जल पीकर तथा उसमें स्नान-पूजन करे मनुष्य मेरूपर्वत के समान विशाल पाप को भी नष्ट कर डालता और गोलोक धाम में जाता है। जो मनुष्य अयोध्यावासिनी गोपियों के इस कथानक को सुनेगा, वह योगिदुर्लभ परमधाम गोलोक में जायगा। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
क्रम संख्या | विषय | पृष्ठ संख्या |