अक्रूर

अक्रूर एक प्रमुख यदुवंशी और कृष्ण के चाचा थे। वे वसुदेव के भाई बताए जाते हैं। कंस की सलाह पर श्रीकृष्ण और बलराम को यही वृन्दावन से मथुरा लाए थे। कंस का वध करने के पश्चात् कृष्ण इनके घर गए थे। वे अक्रूर को अपना गुरु मानते थे। अक्रूर की मृत्यु के उपरांत कृष्ण के पौत्र वज्र के रोकने पर भी इनकी पत्नियाँ नहीं रुकीं और वन में तपस्या करने के लिए चली गईं।

परिचय

अक्रूर का जन्म यदुवंश में ही हुआ था। ये वसुदेव के कुटुम्ब के नाते से भाई लगते थे। इनके पिता का नाम श्वफल्क था। ये कंस के दरबार के एक दरबारी थे। कंस के अत्याचारों से पीड़ित होकर बहुत-से यदुवंशी इधर-उधर भाग गये थे, किंतु ये जिस किसी प्रकार भी कंस के दरबार में ही पड़े हुए थे।

भगवान के परम भक्त

प्राणियों के देहधारण करने की सफलता इसी में है कि निर्दम्भ, निर्भय और शोकरहित होकर अक्रूर जी के समान भगवत-चिह्नों के दर्शन तथा उनके गुणों के श्रवणादि के द्वारा यह भाव उत्पन्न करे, जो कंस का संदेशा मिलने के समय से उन अक्रूर में प्रकट हुआ था। भक्तिशास्त्र में श्रवण, कीर्तन, स्मरण, पादसेवन, वन्दन, अर्चन, सख्य, दास्य और आत्मनिवेदन, इस तरह नौ प्रकार की भक्ति बतलायी गयी है। इसके उदाहरण में एक-एक भक्त का नाम लेते हैं, जैसे- श्रवण में परीक्षित, कीर्तन में वेदव्यास आदि-आदि। इसी तरह वन्दन भक्तों में अक्रूर जी को बतलाया गया है। यह विष्णु के वन्दन-प्रधान भक्त थे।

कंस के संदेशवाहक

जब अनेक उपाय करके भी कंस भगवान को नहीं मरवा सका, तब उसने एक चाल चली। उसने एक धनुषयज्ञ रचा और उसमें मल्लों के द्वारा मरवा डालने के लिये गोकुल से गोप-ग्वालों के सहित श्रीकृष्ण-बलराम को बुलवाया। उन्हें आदरपूर्वक लाने के लिये अक्रूर को कंस ने अपना संदेशवाहक बनाकर भेजा। कंस की आज्ञा पाकर अक्रूर की प्रसन्नता का ठिकाना नहीं रहा। वे भगवान के दर्शन के लिये बड़े उत्कष्ठित थे। किसी-न-किसी प्रकार वे भगवान के दर्शन चाहते थे। भगवान ने स्वतः ही कृपा करके ऐसा संयोग जुटा दिया। जीव अपने पुरुषार्थ से प्रभु के दर्शन करना चाहे तो यह उनकी अनधिकार चेष्टा है। कोटि जन्म में भी उनकी पवित्रता, वैसी योग्यता जीव नहीं प्राप्त कर सकता कि जिससे वह परात्पर प्रभु के सामने पुरुषार्थ के बल पर पहुँच सके। जब प्रभु ही अपनी अहेतु की कृपा के द्वारा जीव को अपने समीप बुलाना चाहें, तभी वह वहाँ जा सकता है। प्रभु ने कृपा करके घर बैठे ही अक्रूर जी को बुला लिया।

अक्रूर कृष्ण और बलराम को मथुरा ले जाते हुए

मथुरा आगमन

अक्रूर प्रातःकाल मथुरा से रथ लेकर नन्दगांव भगवान को लेने चले। सोचते थे- "अहा ! उन पीताम्बरधारी बनवारी को मैं इन्हीं चक्षुओं से देखूंगा; उनके सुन्दर मुखारविन्द को, घुंघराली काली-काली अलकावली से युक्त सुकपोलों को निहारूंगा। वे सब मुझे अपने सुकोमल करकमलों से स्पर्श करेंगे, उस समय मेरे समस्त शरीर में बिजली-सी दौड़ जायगी। वे मुझसे हंस-हंसकर बातें करेंगे। मुझे पास बिठायेंगे। बार-बार प्रेमपूर्वक ‘चाचा’, ‘चाचा’ कहेंगे। मेरे लिये वह कितने सुख की स्थित होगी।" इस प्रकार भाँति-भाँति की कल्पनाएं करते हुए वे वृन्दावन के समीप पहुँचे। वहाँ उन्होंने वज्र, अंकुश, यव, ध्वजा आदि चिह्नों से विभूषित श्यामसुन्दर के चरणचिह्नों को देखा। बस, फिर क्या था। वे उन घनश्याम के चरणचिह्नों को देखते ही रथ से कूद पड़े और उनकी वन्दना करके उस धूलि में लोटने लगे। उन्हें उस धूलि में लोटने में कितना सुख मिल रहा था, यह कहने की बात नहीं है।

जैसे-तैसे ब्रज पहुँचे। सर्वप्रथम बलदेवजी के साथ श्यामसुन्दर ही उन्हें मिले। उन्हें छाती से लगाया, घर ले गये। कुशल पूछी, आतिथ्य किया और सब समाचार जाने। दूसरे दिन रथ पर चढ़कर अक्रूर के साथ श्यामसुन्दर और बलराम मथुरा चले। गोपियों ने उनका रथ घेर लिया, बड़ी कठिनता से वे आगे बढ़ सके। थोड़ी दूर चलकर यमुना किनारे अक्रूर जी नित्य-कर्म करने ठहरे। स्नान करने के लिये ज्यों ही उन्होंने डुबकी लगायी कि भीतर चतुर्भुज श्रीश्यामसुन्दर दिखायी दिये। घबराकर ऊपर आये तो दोनों भाइयों को रथ पर बैठै देखा। फिर डुबकी लगायी तो फिर वही मूर्ति जल के भीतर दिखायी दी। अक्रूर को ज्ञान हो गया कि जल में स्थल, शून्य में कोई-भी ऐसा स्थान नहीं, जहाँ श्यामसुन्दर विराजमान न हों। भगवान उन्हें देखकर हंस पड़े। वे भी प्रणाम करके रथ पर बैठ गये।

श्रीकृष्ण का अक्रूर के घर आना

मथुरा पहुँचकर भगवान रथ पर से उतर पड़े और बोले- "हम अकेले ही पैदल जायंगे।" अक्रूर ने बहुत प्रार्थना की- "आप रथ पर पहले मेरे घर पधारें, तब कहीं अन्यत्र जायें।" भगवान ने कहा- "आपके घर तो तभी जाऊंगा, जब कंस का अन्त हो जायगा।" अक्रूर जी दुःखी मन से चले गये। कंस को मारकर भगवान अक्रूर के घर गये। अब अक्रूर के आनंद का क्या ठिकाना। जिनके दर्शन के लिये योगीन्द्र-मुनीन्द्र हज़ारों-लाखों वर्ष तपस्या करते हैं, वे स्वतः ही बिना प्रयास के घर पर पधार गये। अक्रूर ने उनकी विधिवत पूजा की और कोई आज्ञा चाही। भगवान ने अक्रूर को अपना अन्तरंग सुहृद समझकर आज्ञा दी कि "हस्तिनापुर में जाकर हमारी बुआ के लड़के पांडवों के समाचार ले आइये। हमने सुना है, धृतराष्ट्र उन्हें दुःख देता है।" भगवान की आज्ञा पाकर अक्रूर हस्तिनापुर गये और धृतराष्ट्र को सब प्रकार से समझाकर और पांडवों के समाचार लेकर लौट आये।

परमधाम यात्रा

भगवान श्रीकृष्ण जब मथुरापुरी को त्यागकर द्वारका पधारे थे, तब अक्रूर जी इतने पुण्यशील थे कि वे जहाँ रहते, वहाँ खूब वर्षा होती, अकाल नहीं पड़ता। किसी प्रकार का कष्ट और महामारी आदि उपद्रव नहीं होते। एक बार वे जब किसी कारणवश द्वारका से चले गये थे, तब द्वारका में दैविक और भौतिक दुःखों से प्रजा को बड़ा भारी मानसिक और शारीरिक कष्ट सहना पड़ा था। आखिर भगवान ने उनको ढूंढवाकर वापस बुलवाया। ये सम्बन्ध में भगवान श्रीकृष्ण के चाचा हाने पर भी उनके सच्चे भक्त थे। अन्त में भगवान के साथ ही वे परमधाम को पधारे।

स्यमंतक मणि

सत्राजित नामक यादव को सूर्य से मिली स्यमंतक मणि, जिसकी चोरी का कलंक श्रीकृष्ण को लगा था, इन्हीं के पास थी। ये डरकर मणि को लेकर काशी चले गए। स्यमंतक मणि की यह विशेषता थी कि जहाँ वह होती थी, वहाँ धन-धान्य भरा रहता था। अक्रूर के चले जाने पर द्वारका में अकाल के लक्षण प्रकट होने लगे। इस पर श्रीकृष्ण का अनुरोध मानकर अक्रूर द्वारका वापस चले आए। इन्होंने स्यमंतक मणि श्रीकृष्ण को दे दी। श्रीकृष्ण ने मणि का सार्वजनिक रूप से प्रदर्शन करके अपने ऊपर लगा चोरी का कलंक मिटाया।

तीर्थराजं हि चाक्रूरं गुह्यानां गुह्यभुत्तमम्।

तत्फलं समवाप्नोति सर्व्वतीर्थावगाहनात् ॥
अक्रूरे च पुन: स्नात्वा राहुग्रस्त दिवाकरे ।

राजसूयाश्वमेधाभ्यां फलमाप्नोति मानव: ॥

अक्रूर श्वफलक और गांदिनी के पुत्र थे। स्कंद पुराणानुसार पूर्व जन्म में यह चंद्र नामक ब्राह्मण थे। हरिद्वार निवासी देवशर्मा नामक अत्रिकुलोत्पन्न ब्राह्मण के यह शिष्य तथा जामाता थे जिनकी गुणवती नामक कन्या ब्याही थी।

अक्रूर घाट

मथुरा और वृन्दावन के बीच में ब्रह्मह्रद नामक एक स्थान है। श्रीकृष्ण ने यहीं पर अक्रूर को दिव्य दर्शन कराए थे। ब्रज क्षेत्र का यह भी एक प्रमुख तीर्थ माना जाता है और वैशाख शुक्ल नवमी को यहाँ मेला लगता है। वृन्दावन आते हुए अक्रूर ने मार्ग में यमुना में कृष्ण तथा बलराम के दिव्य रूप के दर्शन किये अर्थात भगवान अनंत की गोद में कृष्ण को देखा।[1]

अक्रूर तीर्थ

अक्रूर तीर्थ, सर्व तीर्थों के राजा एवं गोपनीयता के बीच में अति गोपनीय है। पुन: सूर्यग्रहण के दिन अक्रूर तीर्थ में स्नान करने से राजसूय, अश्वमेध यज्ञ का फल प्राप्त होता है। इस स्थान पर श्री अक्रूर जी ने स्नान करते समय श्रीकृष्ण के विभूति दर्शन का लाभ प्राप्त किया था। कंस ने श्री महादेव जी को तपस्या से सन्तुष्ट कर एक धनुष प्राप्त किया था। श्री महादेव ने उनको आशीर्वादपूर्वक वरदान दिया था कि इस धनुष के द्वारा तुम बहुत से राज्यों का जय लाभ कर सकते हो। इस धनु्ष को कोई शीघ्र सरलता से तोड़ नहीं सकता। जो इस धनुष को तोड़ेगा उसके हाथों से ही तुम्हारी मृत्यु होगी। धनुष यज्ञ का संवाद कंस ने विभिन्न देश-विदेश में प्रचारित कर दिया। इधर श्रीकृष्ण-बलराम के अनुष्ठान में योगदान के लिये कंस ने श्री अक्रूरजी को गोकुल में प्रेषित किया तब अक्रूर जी श्रीकृष्ण और बलराम को रथ में बैठाकर कंस की राजधानी मथुरा की तरफ चल पड़े।

भागवत के अनुसार

कृष्ण ने कंस के अनेक अनुचर दैत्यों को मार डाला तो नारद ने जाकर कंस से कहा कि कृष्ण देवकी का पुत्र है तथा बलराम रोहिणी का। इस प्रकार दोनों ही वसुदेव के पुत्र हैं। कंस ने केशी नामक राक्षस को उसे मार डालने के लिए भेजा। कंस ने मुष्टिक, चाणूर, शल, तोशल आदि मल्लों को बुलाकर कहा- 'ब्रज निवासी राम और कृष्ण नाम के दो बालकों में से किसी के हाथों मेरी मृत्यु लिखी है। अत: तुम लोग दंगल में घेरे के फाटक पर ही कुवलयापीड हाथी को रखना। उसी के द्वारा उन्हें मरवा देना। तदनंतर अक्रूर को बुलाकर उसने कहा- 'आप वसुदेव के दोनों बेटों बलराम तथा कृष्ण को घुमाने के बहाने से यहाँ लिवा लाइए। मेरी मृत्यु उन्हीं के हाथों लिखी है। उन्हें आप जैसे भी हो, यहाँ ले आइएगा। उन लोगों को मेरी ओर से धनुष-यज्ञ उत्सव के लिए आमन्त्रित कीजिएगा।' अक्रूर ने ब्रज में जाकर कंस का संदेश दिया। साथ ही बलराम तथा कृष्ण के सम्मुख कंस का उद्देश्य भी स्पष्ट कर दिया। उन दोनों ने हंसकर वहाँ सबसे आज्ञा ली और अक्रूर के साथ मथुरा के लिए प्रस्थान किया। मार्ग में दोनों भाइयों ने अक्रूर को अपने विराट रूप के दर्शन करवाये। अक्रूर कृतकृत्य हो गये। मथुरा पहुँचकर श्रीकृष्ण ने सबके देखते-देखते धनुष तोड़ डाला, कंस की सेना को मार डाला और अपने डेरे पर लौट गये। तदनंतर श्रीकृष्ण ने अक्रूर को हस्तिनापुर भेजा। अक्रूर ने लौटकर कृष्ण को बताया कि धृतराष्ट्र पांडवों के प्रति अन्याय करते हुए अपने बेटों को रोकने में असमर्थ थे। धृतराष्ट्र को समझाना भी असंभव था। कुन्ती अपने भाई-बंधुओं में सबसे अधिक कृष्ण को याद करती थी। उसने अपनी परवशता की कथा अक्रूर को सुनायी थी। [2] [3]

  • नारद कृष्ण संवाद ने कृष्ण के सम्बन्ध में कई बातें हमें स्पष्ट संकेत देती हैं कि कृष्ण ने भी एक सहज संघ मुखिया के रूप में ही समस्याओं से जूझते हुए समय व्यतीत किया होगा।
  • इसके अतिरिक्त आहुक और अक्रूर दोनों ही पराक्रमी तथा कठिन कर्म करने वाले हैं, इससे वे लोग जिस ओर रहेंगे, उसकी अपेक्षा दु:खदायक कुछ भी नहीं है, और जिसकी ओर न रहेंगे, उसे भी उससे अधिक दु:ख का विषय कुछ भी नहीं हो सकता।[4]

काव्यों में

  • कृष्णकाव्य में अक्रूर कंस के दूत, पुण्यात्मा, ब्रजवासी तथा मथुरा वासी कृष्ण की कथा के संयोजक और कृष्ण भक्त के रूप में चित्रित हुए हैं। अक्रूर के चरित्र और उससे सम्बन्धित कथाओं का मूलाधार भागवत[5] में प्राप्त है। भागवत के अक्रूर कृष्ण के शुभचिन्तक, संरक्षक, अभिभावक और अन्तत: भक्त हैं।
  • लोक प्रसिद्धि के अनुसार वे यादववंशी तथा वसुदेव के भाई कहे जाते हैं। इनकी माता का नाम गांदिनी तथा पिता का नाम श्वफल्क था, अतएव इनके लिए 'सुफलक सुत' शब्द का भी प्रयोग हुआ है। अक्रूर की पत्नी का नाम उग्रसेना था। कहा जाता है कि अनादृत होने पर ये कृष्ण की राजसभा में रहने लगे थे। कंस के आदेश पर ये धनुष यज्ञ के बहाने बलराम और कृष्ण को मथुरा लाने के लिए गोकुल जाते हैं। मूलत: कृष्ण भक्त होने के कारण ब्रजगमन पर कृष्ण के रूप तथा अलौकिक व्यक्तितव के चिंतन द्वारा अक्रूर की भक्तिभावना अभिव्यंजित होती हैं। कदाचित अक्रूर के भक्ति प्रवण व्यक्तित्व के ही कारण कृष्ण उनका आतिथ्य स्वीकार करते हैं।
  • कृष्ण के मथुरा एवं द्वारिका प्रवास में अक्रूर उनके अनुगामी भक्त ही रहते हैं। धन्वा से प्राप्त स्यमंतक मणि के संरक्षण के कारण अक्रूर का विशेष महत्त्व बढ़ जता है क्योंकि इस मणि के संरक्षक को विपुल धनराशि की प्राप्ति की प्रसिद्धि थी तथा इसके द्वारा अनावृष्टि आदि का नियंत्रण भी संभव था। एक बार किसी कारणवश अक्रूर के द्वारिका छोड़कर अन्यत्र चले जाने के कारण द्वारिका में अनावृष्टि, दुर्भिक्ष, अकाल आदि का प्राबल्य हो उठा। कृष्ण के निर्देश पर द्वारिकावासी अक्रूर को द्वारिका वापस लाये जिससे समस्त उपद्रव शान्त हो गये। यद्यपि ये मणि को छिपाकर रखते थे, परन्तु कृष्ण के कहने पर अक्रूर ने उन्हें मणि दिखा दी।
  • सूरदास ने भागवत में प्राप्त कथा के परिवर्धित एवं विस्तृत रूप के माध्य से अक्रूर का चरित्र प्रस्तुत किया है।[6] भागवत के अनुसार मथुरा जाते समय मार्ग में अक्रूर यमुना स्नान करते हैं तो इन्हें जल में कृष्ण के दर्शन होते हैं, किन्तु फिर कर देखने पर कृष्ण रथ में उसी प्रकार बैठे हुए दिखाई देते हैं। भागवत में कृष्ण के इस प्रकार के दर्शन का कोई कारण निर्दिष्ट नहीं हुआ, किन्तु सूर ने अक्रूर की भक्तिनिष्ठता की व्यंजना करते हुए अन्तर्द्वन्द्व में फँसे भक्त के सन्देह निवारणार्थ अराध्य कृष्ण का दर्शन कराया है। इसी प्रकार अक्रूर के श्यामवर्ण एवं रूप की विशिष्ट कल्पना सूर की मौलिक उद्भावना है जिसके कारण 'भ्रमरगीत' के प्रसंग में वे अकारण ही गोपियों की उपेक्षा के भागी बनते हैं।
  • वैष्णवदास, रसखान, आनन्ददास, जयराम, सबलस्याम हितदास, कृष्णदास आदि द्वारा किये गये भागवत दशम स्कन्ध के भाषानुवादों में अक्रूर का चरित्र भागवत के ही आधार पर चित्रित हुआ है। सूरदास के समान किसी भी कवि ने उनके व्यक्तित्व में भक्ति का रंग उभारने का यत्न नहीं किया।
  • रीतियुग में अक्रूर का चरित्र कृष्ण कथा की संकुचित परिधि एवं सीमित दृष्टिकोणों के कारण उपेक्षित-सा रहा। 'भ्रमरगीत' एवं गोपियों की विरहानुभूति के सन्दर्भ में प्रसंग वश उनके उपेक्षा भागी के रूप में स्फुट कवित्तों के अन्तर्गत अक्रूर का नामोल्लेख मात्र हुआ है।
  • आधुनिक कृष्ण काव्यों में केवल द्वारिकाप्रसाद मिश्र कृत 'कृष्णायन'[7] के अतिरिक्त अयोध्यासिंह उपाध्याय के 'प्रिय प्रवास'[8] तथा मैथिलीशरण गुप्त कृत 'द्वापर'[9] आदि काव्य-ग्रन्थों में कृष्ण कथा के संकोचन एवं दृष्टिकोणगत परिवर्तन के कारण अक्रूर का चरित्र पूर्णता के साथ वर्णित न हो सका। अधिकतर वे ब्रजवासी तथा द्वारिकावासी कृष्ण की कथा के संयोजक ही रूप में वर्णित हुए हैं। वे बलराम और कृष्ण को ब्रज से मथुरा लाने के अपने क्रूर कर्म के लिए पश्चाताप करते हैं। इसके अतिरिक्त आधुनिक युग का बुद्धिवाद उनके भक्तिप्रवण व्यक्तित्व को प्रभावित करता हुआ दिखाई पड़ता है। कृष्णायन, प्रिय प्रवास, द्वापर में अन्य पात्रों के समान वे भी अपने परम्परागत रूप की अपेक्षा प्रबुद्ध दिखाये गये हैं।


टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. हरि0 ब0 पु0, विष्णु पर्व, 25 26
  2. श्रीमद् भागवत, 10 ।39, 42, 49 ।
  3. ब्रह्म पुराण, 191-192 ।(अधोलिखित अंश से इतर श्रीमद् भागवत जैसा ही है।
  4. स्यातां यस्याहुकाक्रूरौ किं नु दु:खतरं तत: ।
    यस्य वापि न तौ स्यातां किं नु दु:खतरं तत: ॥10॥महाभारत शांति पर्व अध्याय-82
  5. भागवत(दशमस्कन्ध 38।39।40।56।57
  6. सूरसागर, दशम् स्कंध प0 3629-3651, 1645,4809
  7. कृष्णायन, अवतरण, मथुरा द्वारिका काण्ड
  8. प्रिय प्रवास, सर्ग 2।3
  9. द्वापर, पृ0 122-131

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः