महाभारत वन पर्व अध्याय 72 श्लोक 1-19

द्विसप्ततितम (72) अध्‍याय: वन पर्व (नलोपाख्यान पर्व)

Prev.png

महाभारत: वन पर्व: द्विसप्ततितम अध्याय: श्लोक 1-19 का हिन्दी अनुवाद


ऋतुपर्ण के उत्तरीय वस्त्र गिरने और बहेड़े के वृक्ष के फलों को गिनने के विषय में नल के साथ ऋतुपर्ण की बातचीत, ऋतुपर्ण से नल को द्यूतविद्या के रहस्य की प्राप्ति और उनके शरीर से कलियुग का निकलना

बृहदश्व मुनि कहते हैं- युधिष्ठिर! जैसे पक्षी आकश में उड़ता है, उसी प्रकार बाहुक (बडे़ वेग से) शीघ्रतापूर्वक कितनी ही नदियों, पर्वतों, वनों और सरोवरों को लांघता हुआ आगे बढ़ने लगा। जब रथ इस प्रकार तीव्र गति से दौड़ रहा था, उसी समय शत्रुओं के नगरों को जीतने वाले राजा ऋतुपर्ण ने देखा, उनका उत्तरीय वस्त्र नीचे गिर गया। उस समय वस्त्र गिर जाने पर उन महामना नरेश ने बड़ी उतावली के साथ नल से कहा- ‘महामते! इन वेगशाली घोड़ों को (थोड़ी देर के लिये) रोक लो। मैं अपनी गिरी हुई चादर लूंगा। जब तक यह वार्ष्‍णेय उतर कर मेरे उत्तरीय वस्त्र को ला दे, तब तक रथ को रोके रहो’। यह सुनकर नल ने उसे उत्तर दिया- 'महाराज! आपका वस्त्र बहुत दूर गिरा है। मैं उस स्थान से चार कोस आगे आ गया हूँ। अब फिर वह नहीं लाया जा सकता’।

राजन्! नल के ऐसा कहने पर राजा ऋतुपर्ण चुप हो गये। अब वे एक वन में एक बहेड़े के वृक्ष के पास आ पहुँचे, जिसमें बहुत से फल लगे थे। उस वृक्ष को देखकर राजा ऋतुपर्ण ने तुरन्त ही बाहुक से कहा- ‘सूत! तुम देखो, मुझमें भी गणना करके (हिसाब लगाने) की कितनी अद्भुत शक्ति है। बाहुक! इस वृक्ष पर जितने पत्ते और फल हैं, उन सबको मैं बताता हूँ। पेड़ के नीचे जो पत्ते और फल गिर हुए हैं, उनकी संख्या एक सौ अधिक है; इसके सिवा एक पत्र एक फल और भी अधिक है; अर्थात् नीचे गिर हुए पत्तों और फलों की संख्या वृक्ष में लगे हुए पत्तों और फलों से एक सौ दो अधिक है। इस वृक्ष की दोनों शाखाओं में पांच करोड़ पत्ते हैं। तुम्हारी इच्छा हो ता इन दोनों शाखाओं तथा इसकी अन्य प्रशाखाओं (को काटकर उन) के पत्ते गिन लो। इसी प्रकार इन शाखाओं में दो हजार पंचानवे फल लगे हुए हैं।'

यह सुनकर बाहुक ने रथ खड़ा करके राजा से कहा- ‘शत्रुसूदन नरेश! आप जो कह रहे हैं, वह संख्या परोक्ष है। मैं इतने बड़े बहेड़े के वृक्ष को काटकर उसके फलों की संख्या को प्रत्यक्ष करूंगा। महाराज! आपकी आंखों के सामने इस बहेड़े को काटूंगा। इस प्रकार गणना कर लेने पर वह संख्या परोक्ष नहीं रह जायेगी। बिना ऐसा किये मैं तो नहीं समझ सकता कि (फलों की) संख्या इतनी है या नहीं। जनेश्वर! यदि वार्ष्‍णेय दो घड़ी तक भी इन घोड़ों की लगाम संभाले तो मैं आपके देखते-देखते इसके फलों को गिन लूंगा’। तब राजा ने सारथि से कहा- ‘यह विलम्ब करने का समय नहीं है।’

बाहुक बोला- ‘मैं प्रयत्नपूर्वक शीघ्र ही गणना समाप्त कर दूंगा। आप दो घड़ी तक प्रतीक्षा कीजिये अथवा यदि आपको बड़ी जल्दी हो तो यह विदर्भ देश का मंगलमय मार्ग है, वार्ष्‍णेय को सारथि बनाकर चले जाइये’। कुरुनन्दन! तब ऋतुपर्ण ने उसे सान्त्वना देते हुए कहा- ‘बाहुक! तुम्हीं इन घोड़ों को हांक सकते हो। इस कला में पृथ्वी पर तुम्हारे जैसा दूसरा कोई नहीं है। घोड़ों के रहस्य को जानने वाले बाहुक! तुम्हारे ही प्रयत्न से मैं विदर्भ देश की राजधानी में पहुँचना चाहता हूँ। देखो, तुम्हारी शरण में आया हूँ। इस कार्य में विघ्न न डालो।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः