महाभारत वन पर्व अध्याय 32 श्लोक 1-16

द्वात्रिंश (32) अध्‍याय: वन पर्व (अर्जुनाभिगमन पर्व)

Prev.png

महाभारत: वन पर्व: द्वात्रिंश अध्याय: श्लोक 1-16 का हिन्दी अनुवाद


द्रौपदी का पुरुषार्थ को प्रधान मानकर पुरुषार्थ करने के लिये जोर देना

द्रौपदी बोली- कुन्तीनन्दन! मैं धर्म की अवहेलना तथा निंदा किसी प्रकार नहीं कर सकती। फिर समस्त प्रजाओं का पालन करने वाले परमेश्वर की अवहेलना तो कर ही कैसे सकती हूँ। भारत! आप ऐसा समझ लें कि मैं शोक से आर्त होकर प्रलाप कर रही हूँ। मैं इतने से ही चुप नहीं रहुंगी और भी विलाप करूंगी। आप प्रसन्नचित्त होकर मेरी बात सुनिये।

शत्रुनाशन! ज्ञानी पुरुष को भी इस संसार में कर्म अवश्य करना चाहिये। पर्वत और वृक्ष आदि स्थावर भूत ही बिना कर्म किये जी सकते हैं, दूसरे लोग नहीं। महाराजा युधिष्ठिर! गौओं के बछड़े भी माता दूध पीते और छाया में जाकर विश्राम करते हैं। इस प्रकार सभी जीव कर्म करके जीवन निर्वाह करते हैं। भरतश्रेष्ठ! जंगम जीवों में विशेषरूप से मनुष्य कर्म के द्वारा ही इहलोक और परलोक में जीविका प्राप्त करना चाहते हैं। भारत! सभी प्राणी अपने उत्थान को समझते हैं और कर्मों के प्रत्यक्ष फल का उपभोग करते हैं, जिसका साक्षी सारा जगत् है। यह जल के समीप जो बगुला बैठकर (मछली के लिये) ध्यान लगा रहा है, उसी के समान ये सभी प्राणी अपने उद्योग का आश्रय लेकर जीवन धारण करते हैं।

धाता और विधाता भी सदा सृष्टिपालन के उद्योग में लगे रहते हैं। कर्म न करने वाले प्राणियों की कोई जीविका भी सिद्ध नहीं होती। अतः (प्रारब्ध का भरोसा करके) सभी कर्म का परित्याग न करे। सदा कर्म का ही आश्रय ले। अतः आप अपना कर्म करें। उसमें ग्लानि न करे; कर्म का कवच पहने रहें। जो कर्म करना अच्छी तरह जानता है, ऐसा मनुष्य हजारों में एक भी है, या नहीं? यह बताना कठिन है। धन की वृद्धि और रक्षा के लिए भी कर्म की आवश्यकता है। यदि धन का उपभोग (व्यय) होता रहे और आय न हो तो हिमालय जैसी धनराशि का भी क्षय हो सकता है। यदि समस्त प्रजा इस भूतल पर कर्म करना छोड़ दे तो सबका संहार हो जाये। यदि कर्म का कुछ फल न हो तो इन प्रजाओं की वद्धि ही न हो। हम देखते हैं कि लोग व्यर्थ कर्म में लगे रहते हैं, कर्म न करने पर तो लोगों की किसी प्रकार जीविका ही नहीं चल सकती।

संसार में जो केवल भाग्य के भरोसे कर्म नहीं करता अर्थात् जो ऐसा मानता है कि पहले जैसा किया है वैसा ही फल अपने आप ही प्राप्त होगा तथा जो हठवादी है-बिना किसी युक्ति के हठपूर्वक यह मानता है कि कर्म करना अनावश्यक है, जो कुछ मिलना होगा, अपने आप मिल जायेगा, वे दोनों ही मूर्ख हैं। जिसकी बुद्धि कर्म (पुरुषार्थ) में रुचि रखती है, वही प्रशंसा का पात्र है। जो खोटी बुद्धि वाला मनुष्य प्रारब्ध (भाग्य) का भरोसा रखकर उद्योग से मुंह मोड़ लेता है और सुख से सोता रहता है, उसका जल में रखे हुए कच्चे घड़े की भाँति विनाश हो जाता है। इसी प्रकार जो हठी और दुर्बुद्धि मानव कर्म करने में समर्थ होकर भी कर्म नहीं करता, बैठा रहता है, वह दुर्बल एवं अनाथ की भाँति दीर्घजीवी नहीं होता। जो कोई मनुष्य इस जगत में अकस्मात् कहीं से धन पा लेता है, उसे लोग हठ से मिला हुआ मान लेते हैं; क्योंकि उसके लिये किसी के द्वारा प्रयत्न किया हुआ नहीं दीखता।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः