महाभारत वन पर्व अध्याय 117 श्लोक 1-18

सप्तदशाधिकशततम (117) अध्‍याय: वन पर्व (तीर्थयात्रा पर्व)

Prev.png

महाभारत: वन पर्व: सप्तदशाधिकशततम अध्‍याय: श्लोक 1-18 का हिन्दी अनुवाद


परशुराम जी का पिता के लिये विलाप और पृथ्वी को इक्कीस बार नि:क्षत्रिय करना एवं महाराज युधिष्ठि‍र के द्वारा परशुराम जी का पूजन

परशुराम जी बोले- 'हा तात! मेरे अपराध का बदला लेने के लिये कार्तवीर्य के उन नीच और पामर पुत्रों ने वन में बाणों द्वारा मारे जाने वाले मृग की भांति आपकी हत्या की है। पिताजी! आप तो धर्मज्ञ होने के साथ ही सन्मार्ग पर चलने वाले थे, कभी किसी भी प्राणी के प्रति कोई अपराध नहीं करते थे, फिर आपकी ऐसी मृत्यु कैसे उचित हो सकती है? आप तपस्या में संलग्न, युद्ध से विरत और वृद्ध थे तो भी जिन्होंने सैकड़ों तीखे बाणों द्वारा आपकी हत्या की है, उन्होंने कौन-सा पाप नहीं किया? वे निर्लज्ज राजकुमार युद्ध से दूर रहने वाले आप जैसे धर्मज्ञ एवं असहाय पुरुष को मारकर अपने सुहृदों और मंत्रियों के सामने क्या कहेंगे?'

राजन! इस प्रकार भाँति-भाँति से अत्यन्त करुणाजनक विलाप करके शत्रुओं की राजधानी पर विजय पाने वाले महातपस्वी परशुराम जी ने अपने पिता के समस्त प्रेतकर्म किये। भारत! पहले तो उन्होंने विधिपूर्वक अग्नि में पिता का दाह संस्कार किया, तत्पश्चात सम्पूर्ण क्षत्रियों के वध की प्रतिज्ञा की। अत्यन्त बलवान एवं पराक्रमी परशुराम जी क्रोध के आवेश में साक्षात यमराज के समान हो गये। उन्होंने युद्ध में शस्त्र लेकर अकेले ही कार्तवीर्य के सब पुत्रों को मार डाला। क्षत्रियशिरोमणी! उस समय जिन-जिन क्षत्रियों ने उनका साथ दिया, उन सबको भी योद्धाओं में श्रेष्ठ परशुराम जी ने मिट्टी में मिला दिया। इस प्रकार भगवान परशुराम ने इस पृथ्वी को इक्कीस बार क्षत्रियों से सूनी करके उनके रक्त से समन्तपंचक क्षेत्र में पांच रुधिर कुण्ड भर दिये। भृगुकुलभूषण राम ने उन कुण्डों में भृगुवंशी पितरों का तर्पण किया और साक्षात प्रकट हुए महर्षि‍ ऋचीक को देखा। उन्होंने परशुराम को इस घोर कर्म से रोका। तदनन्तर प्रतापी जमदग्निकुमार ने एक महान यज्ञ करके देवरराज इन्द्र]] को तृप्त किया तथा ऋत्विजों को दक्षि‍णा रूप में भूमि दी।

युधिष्ठिर! उन्होंने महात्मा कश्यप को एक सोने की वेदी प्रदान की, जिसकी लम्बाई-चौड़ाई दस-दस व्याम (चालीस-चालीस हाथ) की थी। ऊँचाई में भी वह वेदी नौ व्याम (छत्तीस हाथ की थी)। राजन! उस समय कश्यप जी की आज्ञा से ब्राह्ममणों ने उस स्वर्गवेदी को खण्ड-खण्ड करके बांट लिया, अत: वे 'खाण्डवायन' नाम से प्रसिद्ध हुए। इस प्रकार सारी पृथ्वी महात्मा कश्यप को देकर अमित पराक्रमी परशुराम जी इस पर्वतराज महेन्द्र पर निवास करते हैं। इस तरह उनका सम्पूर्ण जगत के क्षत्रियों के साथ वैर हुआ था और उसी समय अमित तेजस्वी परशुराम जी ने सारी पृथ्वी जीती थी।

वैशम्पायन जी कहते हैं- जनमेजय! तदनन्तर चतुर्दशी तिथी को निश्चित समय पर महामना परशुराम जी ने उस पर्वत पर रहने वाले उन ब्राह्मणों तथा भाईयों सहित युधिष्ठिर को दर्शन दिया। राजेन्द्र! उस समय प्रभावशाली नृपश्रेष्ठ युधिष्ठिर ने भाइयों के साथ श्रद्धापूर्वक भगवान परशुराम की पूजा की तथा अन्य ब्राह्मणों का भी बहुत आदर-सत्कार किया। जमदग्नि के पुत्र परशुराम की पूजा करके स्वयं भी उनके द्वारा सम्मानित हो वे उन्हीं की आज्ञा से उस रात को महेन्द्र पर्वत पर ही रहे, फिर सबेरे उठकर दक्षि‍ण दिशा की ओर चल दिये।


इस प्रकार श्रीमहाभारत वनपर्व के अन्तर्गत तीर्थयात्रापर्व में लोमशतीर्थयात्रा के प्रसंग में कार्तवीर्योपाख्यान विषयक एक सौ सत्रहवाँ अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः