महाभारत आश्रमवासिक पर्व अध्याय 33 श्लोक 1-21

त्रयस्त्रिंश (33) अध्याय: आश्रमवासिक पर्व (पुत्रदर्शन पर्व)

Prev.png

महाभारत: आश्रमवासिक पर्व: त्रयस्त्रिंश अध्याय: श्लोक 1-21 का हिन्दी अनुवाद


परलोक से आये हुए व्यक्तियों का परस्पर राग-द्वेष से रहित होकर मिलना और रात बीतने पर अदृश्य हो जाना, व्यास जी की आज्ञा से विधवा क्षत्राणियों का गंगा जी में गोता लगाकर अपने-अपने पति के लोक को प्राप्त करना तथा इस पर्व के श्रवण की महिमा

वैशम्‍पायन जी कहते हैं– क्रोध और मात्‍सर्य से रहित तथा पापशून्‍य हुए वे सभी श्रेष्‍ठ पुरुष ब्रह्मर्षियों की बनायी हुई उत्तम प्रणाली का आश्रय ले एक-दूसरे से प्रेमपूर्वक मिले। उस समय देवलोक में रहने वाले देवताओं की भाँति उन सबके मन में हर्षोल्लास छा रहा था। राजन! पुत्र पिता-माता के साथ, स्त्री पति के साथ, भाई भाई के साथ और मित्र मित्र के साथ मिले। पांडव महाधनुर्धर कर्ण, सुभद्राकुमार अभिमन्यु और द्रौपदी के पाँचों पुत्र-इन सबके साथ अत्यन्त हर्षपूर्वक मिले। भूपाल! तत्पश्चात सब पांडवों ने कर्ण से प्रसन्नतापूर्वक मिलकर उनके साथ सौहार्दपूर्ण बर्ताव किया। भरतभूषण! वे समस्त योद्धा एक-दूसरे से मिलकर बड़े प्रसन्न हुए। इस प्रकार मुनि की कृपा से वे सभी क्षत्रिय अपने क्रोध को भुलाकर शत्रुभाव छोड़कर परस्पर सौहार्द स्थापित करके मिले। इस तरह वे सब पुरुषसिंह कौरव तथा अन्य नरेश गुरुजनों, बान्धवों और पुत्रों के साथ मिले। सारी रात एक-दूसरे के साथ घूमते-फिरने के कारण उन सबके मन में बड़ी प्रसन्नता थी। स्वर्गवासियों के समान ही उन्हें वहाँ परम संतोष का अनुभव हुआ।

भरतश्रेष्ठ! एक-दूसरे से मिलकर उन योद्धाओं के मन में शोक, भय, त्रास, उद्वेग और अपयश को स्थान नहीं मिला। वहाँ आयी हुई स्त्रियाँ अपने पिताओं, भाइयों, पतियों और पुत्रों से मिलकर बहुत प्रसन्न हुईं। उनका सारा दुःख दूर हो गया। वे वीर और उनकी वे तरुणी स्त्रियाँ एक रात साथ-साथ विहार करके अन्त में एक-दूसरे की अनुमति ले परस्पर गले मिलकर जैसे आये थे, उसी प्रकार चले जाने को उद्यत हुए। तब मुनिवर व्यास जी ने उन सब लोगों का विसर्जन कर दिया और वे महामना नरेश एक ही क्षण में सबके देखते-देखते पुण्यसलिला भागीरथी में गोता लगाकर अदृश्य हो गये। रथों और ध्वजाओं सहित अपने-अपने लोकों में चले गये। कोई देवलोक में गये, कोई ब्रह्मलोक में, कुछ वरुण लोक में पधारे और कुछ कुबेर लोक में, कितने ही नरेश भगवान सूर्य के लोक में चले गये। कितने ही राक्षसों और पिशाचों के लोकों में चले गये और कितने ही उत्तर कुरु में जा पहुँचे। इस प्रकार सबको विचित्र-विचित्र गतियों की प्राप्ति हुई थी और वे महामना वहीं से देवताओं के साथ अपने-अपने वाहनों और अनुचरों सहित आये थे।

उन सबके अदृश्य हो जाने पर कौरवों के हितकारी महातेजस्वी धर्मशील महामुनि व्यास जी ने कहा- "देवियों! तुम लोगों में से जो-जो सती-साध्वी स्त्रियाँ अपने-अपने पति के लोक को जाना चाहती हों, वे आलस्य त्याग कर तुरंत गंगा जी के जल में गोता लगावें।" उनकी बात सुनकर उनमें श्रद्धा रखने वाली वे सती स्त्रियाँ अपने श्वशुर धृतराष्ट्र की आज्ञा ले गंगा जी के जल में समा गयीं। प्रजानाथ! वहाँ वे सभी साध्वी स्त्रियाँ मनुष्य-शरीर से छुटकारा पाकर अपने-अपने पति के साथ जा मिलीं।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः