महाभारत आदि पर्व अध्याय 223 श्लोक 1-21

त्रयोविंशत्यधिकद्विशततम (223) अध्‍याय: आदि पर्व (खाण्डवदाह पर्व)

Prev.png

महाभारत: आदि पर्व: त्रयोविंशत्यधिकद्विशततम अध्‍याय: श्लोक 1-21 का हिन्दी अनुवाद


अर्जुन का अग्नि से प्रार्थना स्वीकार करके उनसे दिव्य धनुष एवं रथ आदि माँगना

वैशम्पायन जी कहते हैं- जनमेजय! अपनी असफलता से अग्निदेव को बड़ी निराशा हुई। वे सदा ग्लानि में डूबे रहने लगे और कुपित हो पितामह ब्रह्मा जी के पास गये। वहाँ उन्होंने ब्रह्मा जी से सब बातें यथोचित रीति से कह सुनायीं। तब भगवान ब्रह्मा जी दो घड़ी तक विचार करके उनसे बोले- ‘अनघ! तुम जिस प्रकार खाण्डववन को जलाओगे, वह उपाय तो मुझे सूझ गया है; किंतु उसके लिये तुम्हें कुछ समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ेगी। अनल! इसके बाद तुम खाण्डववन को जला सकोगे। हव्यवाहन! उस समय नर और नारायण तुम्हारे सहायक होंगे। उन दोनों के साथ रहकर तुम उस वन को जला सकोगे।’

तब अग्नि ने ब्रह्मा जी से कहा- ‘अच्छा, ऐसा ही सही।’ तदनन्तर दीर्घकाल के पश्चात नर-नारायण ऋषियों के अवतीर्ण होने की बात जानकर अग्निदेव को ब्रह्मा जी की बात का स्मरण हुआ। राजन! तब वे पुनः ब्रह्मा जी के पास गये।

उस समय ब्रह्मा जी ने कहा - ‘अनल! अब जिस प्रकार तुम इन्द्र के देखते-देखते अभी खाण्डववन जला सकोगे, वह उपाय सुनो। विभावसो! आदिदेव नर और नारायण मुनि इस समय देवताओं का सिद्ध करने के लिए मनुष्यलोक में अवतीर्ण हुए हैं। वहाँ के लोग उन्हें अर्जुन और वासुदेव के नाम से जानते हैं। वे दोनों इस समय खाण्डववन के पास ही एक साथ बैठे हैं। उन दोनों से तुम खाण्डववन जलाने के कार्य में सहायता की याचना करो। तब तुम इन्द्रादि देवताओं से रक्षित होने पर भी उस वन को उस वन को जला सकोगे। वे दोनों वीर एक साथ होने पर यत्नपूर्वक वन के सारे जीवों को भी रोकेंगे और देवराज इन्द्र का भी सामना करेंगे, मुझे इसमें कोई संशय नहीं है।’ नृपश्रेष्ठ! यह सुनकर हव्यवाहन ने तुरंत श्रीकृष्ण और अर्जुन के पास आकर जो कार्य निवेदन किया, वह मैं तुम्हें पहले ही बता चुका हूँ। जनमेजय! अग्नि का वह कथन सुनकर अर्जुन ने इन्द्र की इच्छा के विरुद्ध खाण्डववन को जलाने की अभिलाषा रखने वाले जातवेदा अग्नि से उस समय के अनुकूल यह बात कही।

अर्जुन बोले- भगवन! मेरे पास बहुत से दिव्य एवं उत्तम अस्त्र तो हैं, जिनके द्वारा मैं एक क्या, अनेक वज्रधारियों से युद्ध कर सकता हूँ। परंतु मेरे पास मेरे बाहुबल के अनुरूप धनुष नहीं है, जो समरभूमि में युद्ध के लिये प्रयत्न करते समय मेरा वेग सह सके। इसके सिवा शीघ्रतापूर्वक बाण चलाते रहने के लिये मुझे इतने अधिक बाणों की आवश्यकता होगी, जो कभी समाप्त न हों तथा मेरी इच्छा के अनुरूप बाणों को ढोने के लिये शक्तिशाली रथ भी मेरे पास नहीं है। मैं वायु के समान वेगवान श्वेत वर्ण के दिव्य अश्व तथा मेघ के समान गम्भीर घोष करने वाला एवं सूर्य के समान तेजस्वी रथ चाहता हूँ। इसी प्रकार इन भगवान श्रीकृष्ण के बल पराक्रम के अनुसार कोई आयुध इनके पास भी नहीं है, जिससे ये नागों और पिशाचों को युद्ध में मार सकें। भगवन! इस कार्य की सिद्धि के लिये जो उपाय सम्भव हो, वह मुझे बताइये, जिससे मैं इस महान वन में जल बरसाते हुए इन्द्र को रोक सकूँ। भगवन अग्निदेव! पुरुषार्थ से जो कार्य हो सकता है, उसे हम लोग करने के लिये तैयार हैं; किंतु इसके लिये सुदृढ़ साधन जुटा देने की कृपा आपको करनी चाहिये।

इस प्रकार श्रीमहाभारत आदि पर्व के अन्तर्गत खाण्डवदाह पर्व में अर्जुन-अग्निसंवाद विषयक दो सौ तेईसवाँ अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः