भगवद्गीता -डॉ. सर्वेपल्लि राधाकृष्णन
अध्याय-18
निष्कर्ष जिस बुद्धि के द्वारा मनुष्य धर्म और अधर्म को, करने योग्य कार्य और न करने योग्य कार्य को गलत ढंग से समझता है, हे पार्थ (अर्जुन), वह बुद्धि राजसिक होती है। 32.अधर्म धर्ममिति या मन्यते तमसावृता। जिस बुद्धि के द्वारा अन्धकार में डूबा हुआ मनुष्य अधर्म को धर्म समझता है और सब बातों को एक विकृत रूप में (सत्य के विपरीत) देखता है, हे पार्थ (अर्जुन), वह बुद्धि तामसिक होती है। 33.धृत्या यया धारयते मनःप्राणेन्द्रियक्रियाः। वह अविचल धृति, जिससे एकाग्रता द्वारा मनुष्य मन, प्राण (जीवन देने वाला श्वास) और इन्द्रियों की गतिविधियों को नियन्त्रण में रखता है, हे पार्थ (अर्जुन), वह धृति सात्त्विक प्रकार की होती है। धृति : : ध्यान की स्थिरता, जिसके द्वारा हम उन बहुत-सी बातों को जान पाते हैं, जिन्हें हमारी साधारण दृष्टि देख पाने में समर्थ नहीं है। इसकी शक्ति अतीत के लिए पश्चात्ताप और भविष्य के लिए चिन्ताओं के साथ हमारी अनासक्ति के अनुपात में होती है। 34.यया तु धर्मकामार्थान्धृत्या धारतेयअर्जुन। जिस धृति के द्वारा मनुष्य अपने कर्तव्य, आनन्द और सम्पत्ति से परिणामस्वरूप फलों की इच्छा करते हुए दृढ़तापूर्वक चिपका रहता है, हे पार्थ (अर्जुन), वह राजसिक प्रकार की होती है। 35.यया स्वप्नं भयं शोकं विषादं मदमेव च। जिस धृति के द्वारा कोई मूर्ख व्यक्ति निद्रा, भय, शोक, विषाद, और अभिमान को नहीं त्यागता, हे पार्थ (अर्जुन), वह तामसिक प्रकार की होती है। 36.सुखं त्विदानीं त्रिविधं श्रृणु मे भरतर्षभ। हे भरतों में श्रेष्ठ (अर्जुन), अब तू तुझसे तीन प्रकार के सुख के विषय में सनु। जिस सुख में मनुष्य दीर्घ अभ्यास के द्वारा आनन्द अनुभव करता है और जिसमें उसके दुःख का अन्त हो जाता है; 37.यत्तदग्रे विषमिव परिणामेअमृतोपमम्। जो सुख शुरू में तो विष जैसा प्रतीत होता है और जो अन्त में अमृत के समान होता है, जो आत्मा को स्पष्ट रूप में समझ लेने के फलस्वरूप उत्पन्न होता है, वह सात्त्विक प्रकार का सुख होता है। 38.विषयेन्द्रियसंयोगाद्यत्तदग्रेअमृतोपममृ। जो सुख इन्द्रियों और इन्द्रियों के विषयों के संयोग से उत्पन्न होता है और जो शुरू में अमृत-सा किन्तु अन्त में विष जैसा लगता है, वह सुख राजसिक कहलाता है। 39.यदग्रे चानुबन्धे च सुखं मोहनमात्मनः। जो सुख आरम्भ और अन्त, दोनों में आत्मा को भ्रम में डाले रखता है, जो निद्रा, आलस्य और प्रमाद से उत्पन्न होता है, वह तामसिक प्रकार का सुख कहा जाता है। सुख जीवन का सार्वभौम उद्देश्य है। बात केवल इतनी है कि यह उन गुणों के अनुसार, जिनकी कि हमारे स्वभाव में प्रधानता है, विभिन्न प्रकार का होता है। यदि हमारे अन्दर तमस् प्रधान होता है, तो हम हिंसा और जड़ता, अन्धता और त्रुटियों से सन्तुष्ट रहते हैं। यदि हमारे अन्दर रजस् की प्रधानता है, तो हमें सम्मत्ति और सत्ता, अभिमान और यश में सुख मिलता है। मानव-प्राणी का सच्चा सुख बाह्य वस्तुओं पर अधिकार करने में नहीं है, अपितु उच्चतर मन और आत्मा की पूर्णता में, जो वस्तु हमारे अन्दर आन्तरिकतम है, उसके विकास में है। हो सकता है कि इसका अर्थ कष्ट और संयम हो, परन्तु यह हमें आनन्द और मोक्ष तक पहुँचा देगा। जब हम सर्वोच्च आत्मा के साथ और अन्य सब प्राणियों के साथ एक हो जाते हैं, तब हम ज्ञान और सदाचार के आनन्द से ऊपर उठकर शाश्वत शान्ति और उल्लास, आत्मा के आनन्द, तक पहुँच सकते हैं।
|
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
अध्याय | अध्याय का नाम | पृष्ठ संख्या |
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज