हितहरिवंश

हितहरिवंश (जन्म- संवत 1559 विक्रमी) 'राधावल्लभ सम्प्रदाय' के प्रवर्तक थे। ये हिन्दी के प्रसिद्ध भक्त कवि, संस्कृत के अच्छे विद्वान और भाषा काव्य के मर्मज्ञ थे। इनकी ब्रजभाषा की रचना यद्यपि बहुत विस्तृत नहीं है तथापि बड़ी सरस और हृदयग्राहिणी है। 'राधासुधानिधि' तथा 'हित चौरासी' आदि हितहरिवंश जी की प्रमुख रचनाएँ हैं।

परिचय

हितहरिवंश के पिता श्री व्यास सहारनपुर ज़िले के देववन के गौड़ ब्राह्मण थे, जो बहुत दिनों तक नि:सन्तान रहे। वे सम्राट की सेवा में थे। एक अवसर पर वे आगरा से सम्राट के पास आ रहे थे कि संवत 1559 विक्रमी में मथुरा के समीप बाद गाँव में उनकी पत्नी तारा ने एक पुत्र को जन्म दिया। जिन प्रभु की आराधना और याचना स्वरूप उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी, उनके आभार स्वरूप उन दोनों ने बालक का नाम 'हरिवंश' (हरि सन्तान) रख दिया। बड़े होने पर उनको रुक्मिणी नाम की पत्नी मिलीं। उससे उन्हें तीन सन्तानें हुई, दो पुत्र और एक पुत्री। पुत्रों में से मोहनचन्द नि:सन्तान स्वर्गीय हो गये। छोटे पुत्र गोपीनाथ के वंशधर अब भी देवबन में हैं।

वृन्दावन आगमन

पुत्री का विवाह करके हितहरिवंश ने संसार त्याग कर संन्यासी होने का निश्चय किया। इस दृढ़ निश्चय के साथ वे अकेले वृन्दावन की दिशा में चल पड़े और होडल के समीपस्थ चरथावल पहुँचे। वहाँ उन्हें एक ब्राह्मण मिला, जिसने उनकी सेवा में दो पुत्रियाँ भेंट करके प्रार्थना की कि वे उनको अपनी पत्नी बनायें। ऐसा उस ब्राह्मण ने एक स्वप्न में प्राप्त दैवी आज्ञा शक्ति के अधीन किया। ब्राह्मण ने उन्हें 'राधावल्लभ' नामक एक कृष्ण विग्रह भी दिया। जब वे वृन्दावन पहुँच गये तो श्री हरिवंश ने उसे यमुना किनारे जुगल और कोलिया घाट के मध्य संस्थापित मन्दिर में प्रतिष्ठित कर दिया। मूलत: वे माध्वाचार्य सम्प्रदायी थे। निम्बार्क सम्प्रदायी भी उन पर अपना दावा करते हैं। इन दोनों से ही उन्होंने अपने सिद्धान्त और शास्त्र विधि प्रतिज्ञापूर्वक ग्रहण किये। उस रहस्यमयी घटना के फलस्वरूप, जिससे वे संन्यासी जीवन जीने की इच्छा को भूलकर दोनों पत्नियों में रमे अथवा अपनी अदम्य स्वाभाविक विषय वासनाओं के फलस्वरूप जिन पर वे विजय न पा सके, अत: कल्पना का बहाना बनाया। उनकी भक्ति स्वयं कृष्ण के प्रति न होकर[1] उनकी कल्पित अर्द्धांगनी राधा के प्रति समर्पित हो गई, जिसे उन्होंने श्रृंगार की देवी के रूप में प्रतिष्ठित किया। तनिक भी आश्चर्य नहीं कि आरम्भ में इस व्यवस्था को स्तुत्य नहीं समझा गया, जैसा कि भक्तमाल की निम्नोक्त भाषा से स्पष्ट होता है-

॥मूल॥

श्री हरिवंश गुसांई भजन की रीति सकृत कोऊ जानि है।
श्री राधाचरण प्रधान हृदै अति सहृद उपासी।
कुंज केलि दंपति तहाँकी करत खबासी॥
सर्व सुमहा प्रसाद प्रसिधिता के अधिकारी।
विधि निषेध नहिं दास अनन्य उत्कट व्रतधारी॥
श्री व्यास सुवन पथ अनुसरै सोई भलैं पहिचानि है।
श्री हरिवंश गुसांई भजन की रीति सकृत कोउ जानि है॥

उनकी बाद वाली पत्नियों से ब्रजचन्द और कृष्णचन्द दो बेटे हुए, जिनमें से कृष्णचन्द ने 'राधामोहन जी का मन्दिर' बनवाया, जो अब भी उनके वंशधरों के अधिकार में है। सम्प्रदाय के मुख्य मन्दिर श्री राधावल्लभ के गुसांइयों के पूर्वज ब्रजचन्द थे। इसका निर्माण उनके शिष्य सुन्दरदास नामक कायस्थ द्वारा कराया गया था, जो दिल्ली का खजांची था। सामने के एक स्तम्भ पर निर्माण-तिथि संवत 1683 विक्रमी अंकित है। संवत 1641 विक्रमी का एक शिलालेख प्रोफेसर विलसन ने देखा था। यह बाहरी आंगन की ओर वाले द्वार पर प्रतीत होता है, जो अब गिर चुका है और हटा दिया गया। सड़क की विपरीत दिशा में संस्थापक का स्थापन है, जिसकी मरम्मत कराने में गुसांइयों की सन्तति अत्यन्त कृपण रही थी।

रचनाएँ

  • 'राधासुधानिधि' यद्यपि अधिक पढ़ा नहीं गया तथापि अधिक आदरपूर्वक सराहा गया है। हृदय को प्रभावित करने वाले इन प्रेम सम्बन्धी पद्यांशों पर, जो भक्ति और काव्य का संगम है, बंशीधर द्वारा हिन्दी में अच्छी टीका सम्वत 1820 में लिखी गयी।
  • 'राधासुधानिधि' के कुछ श्लोक निम्न प्रकार हैं-

यस्या: कदापि वसनांचलखेलनोत्थधन्यातिधन्य पवनेन कृतार्थमानी।
योगीन्द्रदुर्गमगतिर्मधुसूदनोऽपि तस्या नमोऽस्तु वृषभानु भुवोदिशेऽपि ॥1॥
सत्प्रेमराशिसरसो बिकसत्सरोजं स्वानन्द सिन्धुरससिन्धुविवर्द्धनेन्दुम्।
तच्छ्रीमुखं कुटिलकुंतलभृंगजुष्ट श्रीराधिके तवकदानु विलोकयिष्ये ॥24॥
अद्भुतानन्द लोभश्चेन्नाम्ना रस सुधानिधि:।
स्तंवोऽवं कर्णकलशैर्गृहीत्वा पीयतां बुधा: ॥170॥[2]


टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. गौण रूप को छोड़कर
  2. इति श्री वृन्दाबनेश्वरी चरण कृपामाचविजृ भित श्री हित हरिवंश गोस्वामिनी विरचिता श्रीराधा रस सुधानिधि: संपूर्णम्।

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः